Next Story
Newszop

गाजियाबाद में बाढ़! लोनी में खतरे के निशान पर यमुना, पुश्ते पर सिमटी जिंदगी, प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

Send Push
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लोनी इलाके में यमुना नदी खतरे के निशान के पास पहुंच चुकी है। जिले में लगातार हो रही बारिश ने स्थिति को विकराल बना दिया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम लगातार तटबंध का जायजा ले रही हैं। हथिनी कुंड बैराज से यमुना में लगातार पानी छोड़े जाने से स्थिति गंभीर हो रही है। सोमवार सुबह बैराज से छोड़ा गया करीब 3 लाख 21 हजार क्यूसेक पानी लोनी पहुंच गया है। इससे खादर क्षेत्र के इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। लोनी के बदरपुर इलाके में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों में पहुंचा हुआ है। कई घर इस पानी में आधे तक डूबे दिख रहे हैं। सड़कों का कोई अता-पता नहीं दिख रहा है।



लागतार बारिश ने बदली स्थितिगाजियाबाद जिले में लगातार बारिश ने स्थिति को बदल दिया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण लोनी के इलाइचीपुर, रामपुर, बदरपुर, पचरा गांव के खेतों में पानी भरा हुआ है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए इलाके में पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। प्रशासन की ओर से नाव और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। यमुना तटबंध के किनारे जलवृद्धि और तेज कटाव के कारण मिट्टी कटान होने से बने गड्ढ़ों को भरा जा रहा है।



प्रशासन ने की अपीलप्रशासन ने यमुना नदी के किनारे बसे गांव में अनाउंसमेंट कराकर यमुना नदी के दायरे से दूर और सतर्क रहने की अपील की है। लोनी में यमुना का खतरे का निशान 212 मीटर है। मंगलवार शाम जलस्तर 211 को पार करते हुए 211.25 तक पहुंच गया। हालांकि, अब जलस्तर में काफी धीमी गति से वृद्धि हो रही है। हालांकि, लगातार बारिश और पीछे से आने वाले पानी के कारण बुधवार सुबह तक यह खतरे के निशान 212 तक पहुंचता दिखा है। डूब क्षेत्र में एक बार फिर पानी भरने से यहां रहने वाले लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।



पानी की निकासी के लिए जोनवार हेल्पलाइन नंबर:गाजियाबाद शहर में भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव जैसी स्थिति बन गई है। कई मुहल्लों में काफी ज्यादा पानी भरा हुआ है। वहां से पानी की निकासी नहीं होने से लोग परेशान हैं। इसको देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम की ओर से जोनवार हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इन जोन में रहने वाले लोग इलाके की समस्या को लेकर इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

  • मोहननगर: 8178018395
  • वसुंधरा: 8178016856
  • विजयनगर: 8178016830
  • सिटी: 8178016854
  • कविनगर: 8178018396
  • नगर निगम मुख्यालय: 18001803012


पुश्ता पर पहुंचे लोगडूब क्षेत्र के इलाके में मकान के आसपास के इलाके में पानी भरने के कारण यहां के लोगों को दोबारा पुश्ता की शरण लेनी पड़ी है। प्रशासन की ओर से पुश्ता पर शरण लिए लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहां पानी का टैंकर पहुंचाया गया है। बाढ़ की आशंका के के कारण लोनी से बागपत की सीमा तक तक बांधों की निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 12 शरण स्थल बनाए गए हैं। आपदा से होने वाले नुकसान से बचाव के लिए गोताखोर और एनडीआरएफ की तैनाती की जा चुकी है।



बाढ़ से प्रभावित होने वाले परिवारों की सूची बनाई गई है। बाढ़ की स्थिति से बचाव के लिए जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। लोनी में बढ़े बाढ़ के खतरे को लेकर अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर रख रहा है। लोगों से धैर्य बरतने और भ्रामक खबर न फैलाने की अपील की गई है। एसडीएम लोनी दीपक कुमार मौके पर कैंप कर रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

Loving Newspoint? Download the app now